Rajendra Devray / Fri, Sep 11, 2026 / Post views : 101
पूजा-अर्चना के समय बिजली कटौती से ग्रामीणों में आक्रोश
सुबह-शाम आरती के वक्त बिजली बंद होने से भक्तजन परेशान, समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
प्रतापगढ़। जिले के देवगढ़ प्रखंड अंतर्गत चौकड़ी गांव सहित आसपास के क्षेत्र में सुबह और शाम पूजा-अर्चना एवं आरती के समय हो रही बिजली कटौती को लेकर ग्रामीणों और भक्तजनों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत कटौती ऐसे समय की जा रही है, जब अधिकांश लोग मंदिरों में पूजा-अर्चना और आरती के लिए पहुंचते हैं। इससे धार्मिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं और भक्तजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस समस्या को लेकर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल, देवगढ़ प्रखंड के कार्यकर्ताओं सहित पंचायत समिति एवं पंचायत धमोतर क्षेत्र के ग्रामीणों ने बिजली विभाग और प्रशासन से व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत कटौती यदि आवश्यक है तो उसे सुबह-शाम पूजा और आरती के समय के बजाय दिन या रात के अन्य समय में किया जाए। उनका कहना है कि सुबह और शाम आरती के समय बिजली उपलब्ध रहना जरूरी है, ताकि ग्रामीण एवं भक्तजन शांतिपूर्वक पूजा-अर्चना कर सकें।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि लंबे समय से इस समस्या के कारण ग्रामीण परेशान हैं। बिजली कटौती के समय मंदिरों में पूजा-पाठ और आरती करने में दिक्कत होती है। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं बिजली विभाग से मामले का जल्द संज्ञान लेकर विद्युत कटौती का समय बदलने की मांग की है।
ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया और सुबह-शाम पूजा-अर्चना के समय बिजली कटौती जारी रही, तो क्षेत्र के ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा। आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली स्थिति की समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन