Rajendra Devray / Mon, Aug 3, 2026 / Post views : 238
नागपंचमी पर नागलवाड़ी शिखरधाम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कलेक्टर व एसपी के निर्देशन में अधिकारियों ने किया निरीक्षण, मंदिर समिति के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा
बड़वानी। राजेंद्र देवराय आगामी नागपंचमी पर्व एवं पवित्र श्रावण मास के दौरान प्रसिद्ध सिद्धपीठ नागलवाड़ी शिखरधाम (भिलट देव मंदिर) में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। सोमवार को कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के संयुक्त दल ने शिखरधाम पहुंचकर सुरक्षा, यातायात एवं जन-सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। इसके पश्चात मंदिर समिति के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

निरीक्षण दल में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, डिप्टी कलेक्टर श्री आकाश यादव, एसडीएम राजपुर श्री कुमार शानु देवडिया, एसडीओपी सेंधवा श्री अजय वाघमारे, तहसीलदार श्री गणपतसिंह डावर एवं थाना प्रभारी नागलवाड़ी श्री राम कुमार पाटिल शामिल रहे। बैठक में मंदिर के पुजारी श्री राजेन्द्र बाबा, कोषाध्यक्ष श्री बजरंग गोयल एवं मंदिर समिति के अन्य पदाधिकारियों से दर्शन व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधों पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रशासन ने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरों एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी एवं होमगार्ड जवान तैनात रहेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रवेश एवं निकास मार्गों को अलग-अलग रखते हुए वन-वे व्यवस्था लागू की जाएगी तथा बैरिकेडिंग, लोहे की रेलिंग, दिशा-सूचक बोर्ड एवं स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए मंदिर परिसर से दूर सुरक्षित पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बायपास मार्गों का उपयोग किया जाएगा तथा पर्व के दौरान भारी वाहनों का मार्ग परिवर्तित रहेगा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक निकासी मार्ग भी चिन्हित कर लिए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु स्वच्छ पेयजल, चलित शौचालय, 24 घंटे चिकित्सा शिविर, कंट्रोल रूम एवं जन-सूचना प्रसारण प्रणाली की व्यवस्था की गई है। वहीं स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगरीय निकाय की विशेष टीमें भी तैनात रहेंगी।
जिला प्रशासन एवं बड़वानी पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सहयोग प्रदान करें, ताकि नागपंचमी पर्व एवं श्रावण मास की कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन