Rajendra Devray / Fri, Oct 2, 2026 / Post views : 254
“अंजड़ शांति समिति बैठक में उठा जनसमस्याओं का मुद्दा, थाना प्रभारी ने सख्त कार्रवाई का दिया भरोसा”
👉ट्रैफिक, अतिक्रमण, ट्रैक्टरों की लापरवाही और नवरात्रि व्यवस्था पर हुई अहम चर्चा, आमजन की समस्याओं पर प्रशासन हुआ गंभीर
अंजड़ (जिला बड़वानी):
थाना अंजड़ में आयोजित शांति समिति की बैठक में नगर की विभिन्न समस्याओं को लेकर व्यापक चर्चा हुई।

बैठक में नवागत थाना प्रभारी नाथू सिंह रंधा, सीएमओ अलावे जी, बिजली विभाग के कर्मचारी, नगर के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा ट्रैफिक व्यवस्था और अतिक्रमण का रहा।
सांसद प्रतिनिधि सुरेंद्र गहलोत ने कहा कि नगर में होटल व दुकानों के बाहर हो रहे अतिक्रमण को चिन्हित कर हटाया जाएगा।

साथ ही ठेला-गाड़ी व्यापारियों के लिए निर्धारित स्थान चिन्हित कर व्यवस्था लागू की जाएगी।
आगामी नवरात्रि पर्व को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। बंटी बंसल, भारत यादव एवं अरुण परमार ने जानकारी दी कि प्रतिदिन रात्रि 9 से 12 बजे तक गरबा आयोजन तथा अष्टमी-नवमी पर रात्रि जागरण होता है।

सुंसाड़ नदी के पुल पर भीड़ के कारण यातायात बाधित होने और दुर्घटना की आशंका को लेकर चिंता जताई गई।
मटन मार्केट को लेकर भी आपत्ति दर्ज की गई, जिसमें सुझाव दिया गया कि बिक्री केवल निर्धारित स्लॉटर हाउस के भीतर ही हो तथा नवरात्रि के दौरान खुले में बिक्री पर प्रतिबंध लगाया जाए।

नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि सूरजमल पिपलिया ने बिना रिफ्लेक्टर, बीमा, फिटनेस और लाइसेंस के दौड़ रहे ट्रैक्टरों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

उन्होंने कहा कि ये ट्रैक्टर “मौत की रफ्तार” बनकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं।
वहीं समर्पण सेवा प्रमुख सतीश परिहार ने कपास के कम भाव के कारण किसानों द्वारा बार-बार किए जा रहे सड़क जाम का मुद्दा उठाया।
उन्होंने कहा कि इससे स्कूली बच्चों, एंबुलेंस और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इस पर थाना प्रभारी नाथू सिंह रंधा ने आश्वासन दिया कि भविष्य में सड़क जाम करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी
और सभी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन गंभीरता से कार्य करेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन