Rajendra Devray / Thu, Aug 6, 2026 / Post views : 413
धार: कस्तूरबा गांधी छात्रावास से दो छात्राएं निकलीं, एक ने कीटनाशक पिया; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
धार। जिले के बाग विकासखंड स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय छात्रावास से कक्षा 6 की दो छात्राएं बुधवार को छात्रावास से बाहर निकल गईं। दोनों छात्राएं करीब 8 किलोमीटर पैदल चलकर अपने गांव कनेरी पहुंचीं। घर पहुंचने के बाद एक छात्रा ने कथित रूप से कीटनाशक की खाली बोतल में पानी मिलाकर पी लिया। परिजनों ने उसे तत्काल मनावर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
छात्रावास की वार्डन मयतूल बघेल के अनुसार, स्कूल के बाद छात्राओं की उपस्थिति के दौरान दोनों के गायब होने की जानकारी मिली। इसके बाद तत्काल परिजनों को सूचना दी गई। बताया गया कि दोनों छात्राएं सुबह लगभग 9 से 10 बजे के बीच छात्रावास से निकलीं और दोपहर करीब 2 बजे अपने गांव कनेरी पहुंच गईं।
परिजनों के अनुसार, घर पहुंचने के बाद छात्रा शिवानी ने कीटनाशक की खाली बोतल में पानी मिलाकर पी लिया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने और उल्टियां शुरू होने पर परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।
छात्रा के पिता प्रताप ने बताया कि दोनों बच्चियों का इसी वर्ष छात्रावास में प्रवेश कराया गया था। उनका मानना है कि पहली बार परिवार से दूर रहने के कारण बच्ची मानसिक तनाव में रही हो सकती है। हालांकि उन्होंने छात्रावास की सुविधाओं को लेकर किसी प्रकार की शिकायत नहीं की है।
वहीं, परिजनों ने यह भी सवाल उठाया कि लगभग 200 छात्राओं की क्षमता वाले छात्रावास में चौकीदार एवं सहायक वार्डन की मौजूदगी के बावजूद दो नाबालिग छात्राओं का बिना रोक-टोक बाहर निकल जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।
इस मामले में बीआरसी धर्मेंद्र ठाकुर ने बताया कि छात्रा के स्वस्थ होने के बाद उससे बातचीत की जाएगी। इसके बाद पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा तथा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन