Rajendra Devray / Tue, Aug 25, 2026 / Post views : 271
उच्चतम न्यायालय के अंतरिम आदेश के पालन की मांग को लेकर सांकेतिक रूप से नालछा बंद
सकल हिंदू समाज ने नालछा थाना परिसर पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
धार | नालछा माननीय उच्चतम न्यायालय के अंतरिम आदेश का यथावत एवं निष्पक्ष पालन सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर आज ग्राम नालछा में सकल हिंदू समाज द्वारा प्रातः 10 बजे तक सांकेतिक रूप से नालछा बंद रखा गया। बंद के पश्चात बड़ी संख्या में सकल हिंदू समाजजन एकत्रित होकर पुलिस थाना नालछा परिसर पहुंचे तथा माननीय जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन थाना प्रभारी श्री कैलाश बारिया को सौंपा। ज्ञापन में धार नगर स्थित माँ सरस्वती उपासना मंदिर (भोजशाला) से संबंधित माननीय उच्चतम न्यायालय में विचाराधीन एस.एल.पी. क्रमांक 9310/2026 के संदर्भ में समाज की चिंताओं एवं मांगों को प्रशासन के समक्ष रखा गया। सकल हिंदू समाज द्वारा दिए गए ज्ञापन के अनुसार माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा 30 जुलाई 2026 को सुनवाई के दौरान भूमि सर्वे नंबर 596 पर नमाज की वैकल्पिक व्यवस्था के संबंध में अंतरिम निर्देश दिए गए थे। समाज का कहना है कि न्यायालय के आदेश के पश्चात प्रशासन द्वारा सर्वे नंबर 596 के स्थान पर सर्वे नंबर 612 पर नमाज की व्यवस्था किए जाने की बात सामने आ रही है,जिसे समाज ने न्यायालय के आदेश की भावना के विपरीत बताया है। ज्ञापन में समाज ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा नवीन व्यवस्था किए जाने से पूर्व हिंदू समाज की सहमति एवं भावनाओं का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा गया। समाज ने स्पष्ट किया कि वह किसी भी धर्म अथवा धार्मिक उपासना के विरोध में नहीं है बल्कि उसकी मांग केवल इतनी है कि माननीय उच्चतम न्यायालय के आदेश का अक्षरशः पालन हो तथा किसी भी नई व्यवस्था से पूर्व संबंधित पक्षों की भावनाओं और सहमति का सम्मान किया जाए। समाज ने यह भी कहा कि धार शहर में पिछले कई दशकों से कायम सामाजिक शांति एवं सौहार्द को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रशासन द्वारा ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया जाना चाहिए जिससे भविष्य में सामाजिक तनाव की स्थिति निर्मित हो। समाज ने प्रशासन से मांग की कि न्यायालय के आदेश की मर्यादा एवं भावना के अनुरूप ही आगामी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ज्ञापन सौंपते समय सकल हिंदू समाज के बड़ी संख्या में नागरिक एवं समाजजन उपस्थित रहे। समाजजनों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात प्रशासन के समक्ष रखते हुए न्यायसंगत,निष्पक्ष एवं संवेदनशील कार्रवाई की मांग की। सकल हिंदू समाज ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि समाज शांति सामाजिक सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव सहयोग करता रहेगा लेकिन साथ ही न्यायालय के आदेश एवं समाज की भावनाओं का सम्मान सुनिश्चित किए जाने की अपेक्षा रखता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन