Rajendra Devray / Tue, Oct 20, 2026 / Post views : 107
विजयादशमी पर पुलिस थाना अंजड़ में हुआ शस्त्र पूजन, थाना प्रभारी नाथू सिंह रंधा ने दिया अमन और शांति का संदेश
अंजड़। विजयादशमी के पावन पर्व पर प्रतिवर्ष की परंपरा का निर्वहन करते हुए पुलिस थाना अंजड़ में शस्त्र पूजन का कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर थाना प्रभारी नाथू सिंह रंधा ने पुलिस स्टाफ के साथ थाने के शस्त्रागार में रखे शस्त्रों का विधिवत पूजन-अर्चन किया तथा क्षेत्र में सुख-शांति, सुरक्षा और सौहार्द की कामना की।

शस्त्र पूजन के दौरान थाना प्रभारी नाथू सिंह रंधा ने कहा कि विजयादशमी का पर्व हमें सत्य की विजय, धर्म की रक्षा और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देता है। शस्त्र पूजन के पीछे भी यही मूल भावना है कि समाज में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए जहां शास्त्र अर्थात ज्ञान, सदाचार और विवेक की आवश्यकता है, वहीं आवश्यकता पड़ने पर शस्त्र का उपयोग भी जरूरी होता है।

उन्होंने कहा कि शास्त्र और शस्त्र दोनों का उद्देश्य अमन, शांति और समाज की रक्षा होना चाहिए। पुलिस विभाग भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा समाज में शांति कायम रखने के लिए निरंतर कार्य करता है। विजयादशमी के अवसर पर किया गया शस्त्र पूजन पुलिस के इसी कर्तव्य, संकल्प और जनसेवा की भावना का प्रतीक है।
कार्यक्रम के अंत में थाना प्रभारी नाथू सिंह रंधा ने समस्त नगरवासियों को विजयादशमी एवं दशहरे की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की।
संदेश: “शस्त्र का सम्मान, शांति का संकल्प और जनसेवा का धर्म—यही पुलिस का कर्तव्य है।”
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन