Rajendra Devray / Wed, Aug 5, 2026 / Post views : 194
राष्ट्रीय संगोष्ठी में गूंजा धार सीमेंट वर्क्स का जल संरक्षण मॉडल
मेडीकैप्स विश्वविद्यालय, इंदौर में संस्थान प्रमुख नीतेश निराला ने साझा किए एकीकृत जल प्रबंधन के नवाचार, विशेषज्ञों ने बताया देश के लिए अनुकरणीय मॉडल
इंदौर/मनावर (निप्र.)। मेडीकैप्स विश्वविद्यालय, इंदौर में आयोजित "एकीकृत जल प्रबंधन (Integrated Water Management)" विषयक राष्ट्रीय संगोष्ठी में धार सीमेंट वर्क्स द्वारा जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का केंद्र रहे। संगोष्ठी में धार सीमेंट वर्क्स के संस्थान प्रमुख श्री नीतेश निराला ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए जल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण तथा पर्यावरण-अनुकूल खनन के क्षेत्र में कंपनी द्वारा किए जा रहे नवाचारों और सफल प्रयासों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।

अपने संबोधन में श्री निराला ने कहा कि जल संरक्षण केवल पर्यावरण का विषय नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने कहा कि सरकार, उद्योग, शैक्षणिक संस्थान और समाज को मिलकर जल संसाधनों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समन्वित प्रयास करने होंगे। उन्होंने इस विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित करने के लिए मेडीकैप्स विश्वविद्यालय की सराहना करते हुए इसे समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया।
उन्होंने जानकारी दी कि धार सीमेंट वर्क्स ने एकीकृत जल प्रबंधन के तहत अपनी खदानों में अनेक चेक डैम निर्मित किए हैं। साथ ही कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के माध्यम से आसपास के गांवों में 17 चेक डैम बनाकर वर्षा जल संरक्षण एवं भूजल पुनर्भरण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है। इन प्रयासों से मनावर एवं खदान क्षेत्र के आसपास भूजल स्तर में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है, जिसका प्रत्यक्ष लाभ किसानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों को मिल रहा है।
संगोष्ठी में इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) के चेयरपर्सन श्री जगदीश सिंघल, डॉ. जगदीश गर्ग सहित देशभर से आए जल वैज्ञानिक, पर्यावरण विशेषज्ञ, शिक्षाविद एवं विभिन्न क्षेत्रों के पेशेवर उपस्थित रहे। सभी विशेषज्ञों ने धार सीमेंट वर्क्स के जल संरक्षण एवं पर्यावरण-अनुकूल खनन मॉडल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे उद्योग जगत के लिए प्रेरणादायी बताया।
विशेषज्ञों का मत था कि धार सीमेंट वर्क्स का यह जल प्रबंधन मॉडल राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित सम्मानों का मजबूत दावेदार है तथा देश के अन्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों के लिए भी अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करता है।
कार्यक्रम के समापन पर जल वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों ने धार सीमेंट वर्क्स प्रबंधन को जल संरक्षण, भूजल संवर्धन एवं सतत विकास के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि कंपनी भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण एवं जल प्रबंधन के क्षेत्र में अपनी अग्रणी भूमिका बनाए रखेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन