Rajendra Devray / Sat, Jun 20, 2026 / Post views : 268
अंजड:- लायंस क्लब अंजड ने शुक्रवार रात्रि नक्षत्र गार्डन में अपने गौरवशाली इतिहास के 50वें वर्ष में प्रवेश का जश्न गरिमामय माहौल में मनाया। स्वर्ण जयंती वर्ष के पदार्पण पर आयोजित 50वां संस्थापन समारोह एवं इंटरनेशनल डायरेक्टर एंडोर्सी निर्वाचित हुए लॉयन डॉ. कुलभूषण मित्तल "कुक्की भैया" के अभिनंदन समारोह में नगर के गणमान्य नागरिक और लायन सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर लॉयन माणक वडनेरे ने 34 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद पुनः क्लब के 50वें अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण कर क्लब की कमान संभाली।
समारोह के मुख्य अतिथि, इंटरनेशनल डायरेक्टर एंडोर्सी डॉ. कुलभूषण मित्तल ने अपने संबोधन में क्लब की 50 साल की यात्रा को ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा, "50 साल पहले एक छोटे से ग्रामीण कस्बे अंजड में लायंस क्लब की नींव रखना अपने आप में आश्चर्य का विषय था। उस समय यह पूरी तरह ग्रामीण क्षेत्र था। लेकिन आज बदलते नेतृत्व में वही अंजड डिस्ट्रिक्ट और इंटरनेशनल स्तर पर नेतृत्व कर रहा है।"

विशेष अतिथि के रूप में पधारे डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लॉयन जयप्रकाश त्रिपाठी एवं वॉइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लॉयन राम जाट ने अंजड क्लब की सेवा भावना की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने क्लब की 50 वर्षों की निरंतर सेवा को अभूतपूर्व बताते हुए कहा कि दया, क्षमा, करुणा, प्रेम और सहानुभूति के बल पर अंजड क्लब ने सेवा की जो मिसाल कायम की है, वह अनुकरणीय है। इस अवसर पर विशेषरूप से आमंत्रित चार्टर अध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा ने भी अपने उदगार व्यक्त किये।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष लॉयन माणक वडनेरे ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में इस दिन को क्लब के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा, "यह हमारे लिए गर्व का क्षण है कि क्लब निरंतर सेवा कार्य करते हुए अपने 50वें वर्ष में प्रवेश कर गया है।"
स्वर्ण जयंती वर्ष में 50वें अध्यक्ष के रूप में मुझे सेवा का का कार्य करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है, यह मेरे लिए भावुक और गौरव का पल है।" उन्होंने संकल्प लिया कि क्लब की सेवा परंपरा को और अधिक गति के साथ आगे बढाएंगे।
इसके पहले पूर्व अध्यक्ष प्रतिमा वडनेरे ने ध्वज वंदना प्रस्तुत की। अध्यक्ष गीता सोलंकी ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। सचिव कल्पना जैन ने सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। अतिथियो का परिचय शेखर सोलंकी, ओमप्रकाश भावसार एवं जगदीश मोदी ने दिया। अभिनंदन पत्र का वाचन जुगलकिशोर पाटनी ने किया। कार्यक्रम का सफल संचालन रमेश कुकरेजा ने किया व आभार सचिव धर्मेंद्र जैन ने किया।
इस अवसर पर लायंस क्लब बड़वानी सिटी, राजपुर, सैंधवा, धामनोद एक्टिव, बाकानेर एवं लायंस क्लब अंजड अहिल्या के अलावा नगर गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन