Rajendra Devray / Thu, May 21, 2026 / Post views : 248
अंजड़ में सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने "हर ग्राम एक काम" अभियान के लिए कॉलेज के साथ किया एमओयू साइन किया
बड़वानी:- खरगौन-बड़वानी लोकसभा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने गुरुवार को नगर के स्वामी अमूर्तानंद शासकीय महाविद्यालय पहुंचकर एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की। सांसद ने महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. उमेश काकेश्वर के साथ "हर ग्राम एक काम" अभियान को लेकर एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए।

इस अवसर पर सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि उन्होंने 16 फरवरी को अपने जन्मदिवस के उपलक्ष्य में पूरे जिले में "हर ग्राम एक काम" अभियान की शुरुआत की थी। इस अभियान का उद्देश्य जिले में अध्ययनरत विद्यार्थियों को जमीनी स्तर पर गांवों के विकास से सीधे जोड़ना है।
क्या है "हर ग्राम एक काम" अभियान:-
सांसद पटेल ने जानकारी दी कि इस अभियान के तहत महाविद्यालय के विद्यार्थी अपने-अपने गांवों में जाकर विकास कार्यों का चिन्हांकन और सर्वे करेंगे। विद्यार्थी ऑनलाइन फॉर्मेट के माध्यम से यह दर्ज करेंगे कि गांव में पहले क्या काम हो चुके हैं, वर्तमान में किन कार्यों की आवश्यकता है और भविष्य में क्या किया जा सकता है।

उन्होंने कहा, "इसमें सरकारी, प्राइवेट, सामाजिक और धार्मिक, हर प्रकार के महत्वपूर्ण कार्य शामिल होंगे। जो काम जरूरी हैं उन्हें पूरा कराना और जो हो चुके हैं उनकी जानकारी देना, यही इस अभियान का मूल है।" सांसद ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में इसके सकारात्मक परिणाम सभी को देखने को मिलेंगे। उन्होंने महाविद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं से इस अभियान से जुड़ने का आवाहन किया।
अभियान का मूल उद्देश्य:-
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. उमेश काकेश्वर ने बताया कि "हर ग्राम एक काम" सांसद अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सक्रिय एवं संगठित सहभागिता सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही चयनित ग्रामों को अध्ययन, सर्वेक्षण एवं शोध हेतु "दत्तक ग्राम" के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे विद्यार्थी शासन की विकास योजनाओं एवं सामाजिक अभियानों की कार्य प्रणाली से सीधे जुड़ सकेंगे और जमीनी हकीकत समझ पाएंगे।
ये रहे मौजूद:-
इस दौरान मण्डल अध्यक्ष ऋतुराज सिंह तोमर, सुरेंद्र गहलोत, बंटी बंसल, अरुण परमार, जिला मीडिया प्रभारी सुनील भावसार, खेमा यादव, हितेश राठौड़ उपस्थित रहे। साथ ही अभियान के नोडल अधिकारी प्रो. सुभाष सोलंकी, प्रो. एमएस मोरी, प्रो. डॉ. सुरेश काग एवं समस्त महाविद्यालय स्टाफ व बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
इस पहल से अंजड़ क्षेत्र के गांवों में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है और विद्यार्थियों को सामाजिक दायित्व से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन