Rajendra Devray / Wed, May 27, 2026 / Post views : 270
पिस्तौल की नोक पर बियर से भरी पिकअप लूटी, 30 से अधिक बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
5 लाख रुपये कीमत की 222 पेटी बियर से भरा वाहन जंगल में मिला, पुलिस की सर्चिंग जारी
बड़वानी। जिले में लुटेरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात बड़वानी-पाटी मार्ग पर हथियारबंद बदमाशों ने शराब से भरी एक पिकअप वाहन को पिस्तौल की नोक पर लूट लिया। घटना बावनगजा रोड स्थित बड़वानी खुर्द क्षेत्र के पास की बताई जा रही है। बदमाशों की संख्या 30 से अधिक बताई गई है, जिन्होंने चालक को धमकाकर वाहन सहित 222 पेटी बियर लूट ली।
जानकारी के अनुसार पाटी स्थित शराब दुकान के संचालक हुकुम राठौर के लिए इंदौर वेयरहाउस से पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 46 ZH 2310 में 222 पेटी पावरकूल बियर लोड होकर पाटी लाई जा रही थी। शराब की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
चालक के मुताबिक रात करीब ढाई बजे बड़वानी खुर्द के आगे 52 गजा रोड पर अचानक 30 से अधिक हथियारबंद बदमाशों ने वाहन को घेर लिया। बदमाशों ने चालक पर पिस्तौल तानकर जान से मारने की धमकी दी और पिकअप वाहन लेकर जंगल की ओर फरार हो गए।

घटना के तुरंत बाद चालक ने वाहन मालिक और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही शहर कोतवाली थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बावनगजा से बड़वानी तक जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में व्यापक सर्चिंग अभियान चलाया।
देर रात ग्वालबेड़ा क्षेत्र के पास तालाब किनारे संदिग्ध अवस्था में पिकअप वाहन खड़ा मिला। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि लूटे गए माल और आरोपियों के संबंध में पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई है।
थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र के शराब ठेकेदारों में भय का माहौल है। ठेकेदारों ने रात के समय शराब परिवहन के दौरान पुलिस सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
इधर पुलिस अधीक्षक ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित कर दी है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और बदमाशों की तलाश में लगातार सर्चिंग अभियान चला रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन