Rajendra Devray / Thu, Jun 4, 2026 / Post views : 174
ब्यूरो चीफ अनिल जटिया
नागदेडा गांव में कॉन्स्टेबल ने छोटे भाई पर किया चाकू से हमला, गर्दन और हाथ पर गंभीर चोटें
प्रतापगढ़ जिले के अरनोद थाना क्षेत्र के नागदेड़ा गांव में बुधवार देर रात पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। राजस्थान पुलिस में कार्यरत एक कॉन्स्टेबल ने अपने छोटे भाई पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल प्रतापगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने आरोपी कॉन्स्टेबल को गिरफ्तार कर लिया है।
अरनोद थाना अधिकारी शिवलाल मीणा ने बताया कि नागदेड़ा निवासी मुकेश मीणा अपने दोस्त मनीष मीणा के साथ गांव के बाहर एक पुलिया पर बैठा हुआ था। इसी दौरान उसका बड़ा भाई कैलाश मीणा, जो हथुनिया थाने में कॉन्स्टेबल के पद पर कार्यरत है, हाथ में चाकू लेकर वहां पहुंचा। दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था।
बताया गया कि मौके पर पहुंचते ही कैलाश मीणा ने मुकेश के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर उसने चाकू से हमला कर दिया। हमले में मुकेश की गर्दन और हाथ पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर अरनोद थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल मुकेश मीणा को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों भाई अलग-अलग रहते हैं और उनके बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आए दिन दोनों के बीच कहासुनी और विवाद की स्थिति बनती रहती थी। इस संबंध में पूर्व में भी अरनोद थाने में शिकायतें दर्ज करवाई जा चुकी थीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी कॉन्स्टेबल को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।उक्त जानकारी गुरुवार को सुबह 9 बजे दी गई
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन