Rajendra Devray / Tue, May 19, 2026 / Post views : 310
अखिल भारतीय यादव महासभा (अहीर) की जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न, संतोष यादव बने युवा जिला अध्यक्ष
बड़वानी :- निमाड़ क्षेत्र में प्रदेश पदाधिकारियों के प्रवास के दौरान बड़वानी जिले के ब्लॉक अंजड़ स्थित यादव समाज धर्मशाला में अखिल भारतीय यादव महासभा (अहीर) की जिला स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में समाज सुधार, संगठन विस्तार, युवा नेतृत्व, शिक्षा एवं सामाजिक उत्थान से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा कर सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।
भगवान श्रीकृष्ण के पूजन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण के चित्र पर पूजन, माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित समाजजनों द्वारा प्रदेश पदाधिकारियों का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया गया।
संतोष यादव को सौंपी युवा संगठन की कमान
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से संगठन का विस्तार करते हुए आदरणीय श्री संतोष यादव जी को “अखिल भारतीय यादव महासभा अहीर युवा जिला अध्यक्ष – बड़वानी” पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए नामांकित किया गया। यह नियुक्ति अखिल भारतीय यादव अहीर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय डॉ. अशोक यादव जी की सहमति से संपन्न हुई। नई जिम्मेदारी मिलने पर समाज के युवाओं और वरिष्ठों ने उन्हें बधाई दी।
"मृत्यु भोज और शादियों में सादगी लाएं, बच्चों की शिक्षा पर खर्च करें "
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री श्री रामगोपाल यादव जी ने सामाजिक एकता और युवा सहभागिता पर जोर दिया। उन्होंने कुरीतियों पर प्रहार करते हुए समाज से आह्वान किया कि मृत्यु भोज एवं विवाह कार्यक्रमों को सीमित तथा सादगीपूर्ण रूप से आयोजित किया जाए। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों में होने वाली फिजूलखर्ची को बचाकर बच्चों की उच्च शिक्षा एवं उनके उज्ज्वल भविष्य पर खर्च किया जाना चाहिए, तभी समाज का वास्तविक उत्थान संभव है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व की सराहना
इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में यादव समाज सामाजिक, राजनीतिक एवं संगठनात्मक रूप से निरंतर नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर हो रहा है।
बैठक में यह रहे उपस्थित
इस महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक में प्रमुख रूप सेश्री देवीसिंह यादव (प्रदेश अध्यक्ष), श्री रामगोपाल यादव (प्रदेश संगठन महामंत्री), श्री सचिन यादव (युवा प्रदेश अध्यक्ष), श्री ओमप्रकाश यादव (जिला अध्यक्ष, बड़वानी), श्री अमृतलाल यादव (कार्यकारी जिला अध्यक्ष, हरदा) एवंश्री संदीप यादव (जिला मंत्री, हरदा)
के साथ ही समाज के वरिष्ठजन, युवा साथी, 14 गांव समिति के पदाधिकारी, सामूहिक विवाह सम्मेलन समिति के प्रतिनिधि एवं जिलेभर से पधारे गणमान्य स्वजातीय बंधु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर बड़वानी जिला अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश यादव द्वारा उपस्थित सभी प्रदेश पदाधिकारियों, अतिथियों, वरिष्ठजनों एवं युवा साथियों का आभार व्यक्त किया गया
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन