Rajendra Devray / Wed, Jun 17, 2026 / Post views : 156
थाना सेंधवा शहर में होटल, लॉज एवं धर्मशाला संचालकों की बैठक संपन्न
बिना पहचान पत्र के कमरा नहीं देने एवं सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश
पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर के मार्गदर्शन में एसडीओपी सेंधवा श्री अजय वाघमारे की उपस्थिति तथा थाना प्रभारी श्री दिनेश सिंह कुशवाह के नेतृत्व में थाना सेंधवा शहर परिसर में शहर के होटल, लॉज एवं धर्मशाला संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य शहर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना, कानून-व्यवस्था बनाए रखना तथा संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना था।
बैठक के दौरान होटल, लॉज एवं धर्मशाला संचालकों को निम्नलिखित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए—
🔷 प्रत्येक मुसाफिर का वैध मूल पहचान पत्र (आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस आदि) प्राप्त करने के बाद ही कमरा उपलब्ध कराया जाए। बिना पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को कमरा न दिया जाए।
🔷 होटल एवं लॉज में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का नाम, पता, मोबाइल नंबर तथा आगमन एवं प्रस्थान का समय रजिस्टर में स्पष्ट रूप से दर्ज किया जाए। रजिस्टर में किसी भी प्रकार की ओवरराइटिंग अथवा लापरवाही न बरती जाए।
🔷 प्रतिदिन होटल एवं लॉज में ठहरने वाले मुसाफिरों की जानकारी निर्धारित मुसाफिर फॉर्म के माध्यम से अनिवार्य रूप से स्थानीय थाने में जमा कराई जाए।
🔷 यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत हो अथवा उसकी गतिविधियां असामान्य लगें तो इसकी सूचना तत्काल थाना प्रभारी अथवा निकटतम पुलिस को दी जाए।
🔷 सभी होटल, लॉज एवं धर्मशालाओं में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं तथा उन्हें नियमित रूप से संचालित रखा जाए।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करने अथवा किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले होटल एवं लॉज संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में शहर के सभी प्रमुख होटल, लॉज एवं धर्मशाला संचालक उपस्थित रहे। सभी संचालकों ने पुलिस प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन