Rajendra Devray / Wed, Jun 3, 2026 / Post views : 230
ब्यूरो चीफ अनिल जटिया
नियमितीकरण की मांग को लेकर पंचायत शिक्षक विद्यालय सहायकों ने सरकार को दी आंदोलन की चेतावनी
प्रतापगढ़। राजस्थान पंचायत शिक्षक विद्यालय सहायक संघ द्वारा मंगलवार को जिला कलेक्टर प्रतापगढ़ के माध्यम से मुख्यमंत्री राजस्थान सरकार के नाम ज्ञापन सौंपकर शिक्षा विभाग में संविदा रूल्स 2022 के तहत कार्यरत पंचायत शिक्षक विद्यालय सहायकों के नियमितीकरण की मांग उठाई गई।

संघ ने ज्ञापन में बताया कि राज्य बजट 2025-26 में माननीय उपमुख्यमंत्री द्वारा अनुभव में शिथिलता प्रदान करने के लिए दो वर्ष की छूट देने की घोषणा की गई थी। इसके बावजूद विभाग द्वारा अब तक नियमितीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ नहीं की गई है, जिससे प्रदेशभर के लगभग 23,740 संविदा कर्मियों में असंतोष व्याप्त है।
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि पूर्व में ग्राम पंचायत सहायक तथा वर्तमान में पंचायत शिक्षक विद्यालय सहायक के पद पर संविदा रूल्स 2022 के तहत लगातार कार्यरत कर्मचारियों का अनुभव बजट घोषणा लागू होने के बाद पूर्ण हो चुका है। इसके बावजूद CSR Rules 2022 के बिंदु संख्या 20 के तहत नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू नहीं होना कर्मचारियों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि शिक्षा विभाग में कार्यरत समस्त संविदा कर्मियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ कर उन्हें राहत प्रदान की जाए। संघ ने कहा कि लंबे समय से सेवाएं दे रहे संविदा कर्मियों को उनका अधिकार मिलना चाहिए।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो 10 जून से शिक्षा निदेशालय बीकानेर के समक्ष प्रदेशभर के संविदा कर्मियों द्वारा अनिश्चितकालीन महापड़ाव शुरू किया जाएगा। आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सरकार से संविदा कर्मियों के हित में जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन